होली (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र होली की कुठेड़ पंचायत के तहत निचली त्यारी-ऊपरी त्यारी सड़क आज भी तारकोल का इंतजार कर रही है।
करीब ढाई किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर आज तक तारकोल नहीं बिछाया गया है, जिससे ग्रामीणों को रोजाना आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में सड़क की हालत और भी खराब हो जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क को पक्का करने की मांग कई बार लोक निर्माण विभाग और प्रशासन के समक्ष उठाई जा चुकी है लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बारिश के दौरान सड़क पर कीचड़ और गड्ढों के कारण पैदल चलना और वाहनों का आवागमन जोखिमभरा हो जाता है।
स्थानीय निवासी राज कुमार, अमर सिंह, देवी चंद, रोशन लाल, राजू, रत्न सिंह और बलदेव सिंह ने बताया कि ढाई वर्ष बीत जाने के बाद भी इसे पक्का नहीं किया गया। मार्ग की बदहाल स्थिति से क्षेत्र के लोगों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से जल्द सड़क पर तारकोल बिछाकर इसे पक्का करने की मांग की है।
उधर, लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता हेम राज ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। सड़क को पक्का करने के लिए जल्द प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।