सलूणी (चंबा)। विकास खंड सलूणी की ग्राम पंचायत सिमणी, औहरा, भनाड़ के लोगों को जल्द ही प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा। इस योजना के तहत समाह-हड़ेला सड़क का निर्माण किया गया जाएगा। सलूणी क्षेत्र की सिमणी, औहरा, भनाड़ की पंचायतों के लोगों को आवाजाही की सुविधा मिलेगी। लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता दिवाकर सिंह पठानिया ने बताया कि समाह-हड़ेला सड़क के लिए करीब 3.38 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। सड़क बनने से कुढलियाणी, हड़ेला, कंठा, पुफड़ियाल, समाह सहित दर्जनों गांव के लोगों को लाभ मिलेगा। अभी सड़क सुविधा नहीं होने से स्थानीय लोगों को करीब दस किलोमीटर सफर रोजाना पैदल तय करना पड़ता है। साथ ही लोगों को घर का सारा सामान पीठ पर ढोना पड़ता है।