चंबा। शरारती तत्वों ने बुधवार देर रात को जिला मुख्यालय के साथ लगते मिडल स्कूल सिद्धपुरा के ताले तोड़ डाले और स्कूल में घुसकर तोड़फोड़ की।
इसके अलावा स्कूल के एक कमरे में आग लगा दी। इससे स्कूल का सारा रिकॉर्ड जलकर राख हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम डीएसपी वीर बहादुर की अगुवाई में घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्कूल प्रबंधन व आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटा लिए हैं। धर्मशाला से फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार रात को कुछ शरारती तत्व स्कूल में घुसे और स्कूल के तीनों कमरों के ताले तोड़ दिए। इसके बाद शातिरों ने अंदर घुसकर कंप्यूटर, प्रिंटर, स्पीकर दीवार घड़ी व अन्य सामान उठाकर बाहर फेंक दिया है। इसके अलावा दरवाजे व खिड़कियों को नुकसान पहुंचाया है। यही नहीं, उन्होंने स्कूल के कमरे में घुसने के बाद दराज से अलमारी की चाबियां निकालीं और अलमारी में रखे दस्तावेज को आग लगा दी। इससे स्कूल का रिकार्ड जलकर राख हो गया है। इसके अलावा वायरिंग भी जल गई है। स्कूल की प्रभारी नीता शर्मा ने बताया कि वीरवार को सुबह जब वह स्कूल के लिए तैयार हो रही थीं तो करीब आठ बच्चे उनके घर पर पहुंचे और घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह तुरंत स्कूल पहुंचीं और घटनास्थल को देखकर स्तब्ध रह गई। इसके बाद उन्होंने तुरंत प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक व पुलिस को सूचित किया। इसके बाद प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक सुरेंद्र सिंह पठानिया भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी। डीएसपी वीर बहादुर ने बताया कि पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर सारा सामान कब्जे में ले लिया है। इसके अलावा एक पुलिस कर्मी को मौके पर तैनात कर दिया है। उन्होंने बताया कि धर्मशाला से फोरेंसिक टीम बुलाई गई है। इसके बाद फिंगर व फुट प्रिंट लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।