चंबा। सर्विस बुक अपडेट न करने पर अब सीधे कारण बताओ नोटिस जारी होगा। स्कूल मुखियाओं की लेटलतीफी पर कड़ा संज्ञान लेते हुए शिक्षा विभाग ने यह निर्णय लिया है। निदेशालय के निर्देशानुसार हर छह माह के बाद सरकारी स्कूलों में सेवाएं दे रहे शिक्षकों को सर्विस बुक अपडेट करनी होगी। इसके बाद स्कूल मुखिया वेरिफाई कर सर्विस बुक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय प्रेषित करेंगे, लेकिन जिले के अधिकतर स्कूलों के शिक्षकों ने अपनी सर्विस बुक अपडेट नहीं की है। शिक्षा विभाग द्वारा 30 जुलाई तक सर्विस बुक ऑनलाइन अपडेट कर उपनिदेशक कार्यालय प्रेषित करने के फरमान जारी कर दिए गए हैं। इसके लिए सभी स्कूलों के प्रधानाचार्य व मुख्याध्यापकों को ई-मेल के माध्यम से सूचित कर दिया गया है। जिला नोडल अधिकारी अजय चौहान ने बताया कि सभी स्कूलों के मुखिया अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की अपडेट सर्विस बुक वेरिफाई कर शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय प्रेषित करें व इसकी सूचना उपनिदेशक कार्यालय को प्रेषित करें। यही नहीं, अगर किसी कर्मचारी की सर्विस बुक में अपडेट व वेरिफिकेशन के बाद त्रुटियां रह गई हैं, उन्हें भी ठीक करवा लें। उन्होंने कहा कि कोई कर्मचारी प्रमोशन, ट्रांसफर या वित्तीय लाभों से वंचित रहेगा तो इसके लिए संबंधित स्कूलों के मुखिया जिम्मेदार होंगे। उधर, उच्च शिक्षा उपनिदेशक विजय सिंह ठाकुर ने बताया 30 जुलाई तक सर्विस बुक अपडेट करने के स्कूल मुखियाओं को निर्देश दिए गए हैं। ऐसा न करने पर स्कूल मुखियाओं के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।