चंबा। स्थानीय बाजार में बाइक स्किड होने से उस पर सवार एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जबकि बाइक चला रहा युवक बिलकुल ठीक है। बताया जा रहा है कि यह हादसा ओवरटेक करते वक्त पेश आया। युवती की टांगों और आंख में चोट लगी है। हालांकि, इस संदर्भ में पुलिस में मामला दर्ज नहीं हो पाया है, लेकिन युवती की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि युवती बाइक पर किसी काम से बाजार जा रही थी। इस बीच वाहन को पास देते समय बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक चालक और युवती सड़क पर गिर गए। इस हादसे में युवती को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि बाइक चालक युवक बिलकुल ठीक है। हादसे के वक्त आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवती को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस में मामला दर्ज नहीं हो पाया है। वहीं, एमएस डा. विनोद शर्मा ने बताया कि हादसे में घायल युवती का इलाज चल रहा है। अब उसकी हालत स्थिर है।