उदयपुर (चंबा)। चंबा-पठानकोट मार्ग में बालू के पास ट्रकाें के सड़क किनारे खड़े रहने से हर समय दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। सारा दिन ट्रक लाइनों में खड़े रहते हैं। इस कारण सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी होती है। वहीं सड़क पर जाम लगना आम बात हो गई है। कई बार तो सड़क पर घंटाें जाम लगा रहता है। वाहन चालक ट्रकों को सड़क किनारे खड़ा न करने को लेकर कई बार मांग कर चुके हैं, लेकिन अभी तक समस्या जस की तस है।
वाहन चालकों पवन कुमार, अशोक कुमार, जितेंद्र कुमार, अजय कुमार, सोनू कुमार सहित अन्यों का कहना है कि ट्रक मार्ग में खड़े रहने से सड़क में अकसर जाम लग जाता है। इस कारण सवारियों को घंटों बसों में ही इंतजार करना पड़ता है। हर रोज ही ट्रक बालू के पास खड़े कर दिए जाते हैं। इस कारण कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना घट सकती है। उन्होंने जिला प्रशासन से ट्रकों को कहीं ओर खड़ा करवाने की मांग की है।