चंबा। उपायुक्त डा. सुनील चौधरी ने जिला के बच्चों को गुणात्मक एवं स्वच्छ वातावरण में शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों के भवन नहीं हैं या असुरक्षित हैं, उन सभी स्कूलों में सर्व शिक्षा अभियान के तहत भवनों का निर्माण किया जाएगा। उपायुक्त मंगलवार को अपने कार्यालय के सभागार में जिला के अधिकारियों के साथ बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सात दिन के भीतर गिरने की कगार पर खड़े स्कूल भवनों की रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही इस रिपोर्ट में उन स्कूलों की सूची भी मांगी है, जिनका अपना भवन नहीं है।
उपायुक्त ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा कि विभाग खंड स्तर पर विशेष सर्वेक्षण अभियान चलाए। इसके तहत स्कूल की पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों का पता लगाने और ड्राप आउट बच्चों को स्कूल में पुन: दाखिल करवाने को प्रेरित करे। विभाग यह भी सुनिश्चित करे कि जिला में शत प्रतिशत बच्चे स्कूल में आकर पढ़ाई करें।
उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग तथा अन्य विभागों को भवन निर्माण के दौरान जल संरक्षण की आवश्यकता पर भी बल देने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जाए। डा. चौधरी ने सभी अधिकारियों से आग्रह किया कि जन समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का प्रयास करें और जनसेवा भावना से लोगों को पारदर्शी, स्वच्छ व जवाबदेही प्रशासन दें। उन्होंने बताया कि जिला की आर्थिक पूर्ण रूप से कृषि और बागवानी पर निर्भर है। लिहाजा कृषि व बागवानी के विकास पर विशेष बल दिया जाएगा। इस अवसर पर एडीएम अश्वनी चौधरी, आईपीएच विभाग के एसई एनडी वैद्य सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।