चंबा। राजकीय उच्च विद्यालय चूड़ी के भवन के दो कमराें पर गिरी रिटेनिंग वाल और खेल मैदान का धंसा डंगा विद्यालय में पढ़ाई कर रहे बच्चों के लिए खतरा बन गया है। स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष धर्म चंद ने बताया कि 2009-10 में एनएचपीसी की ओर से पाठशाला के दो कमरों का निर्माण कार्य करवाते समय कमरों के पीछे दीवार लगवाई गई थी। वर्ष 2011 में खेल मैदान का कार्य भी एनएचपीसी चमेरा चरण तृतीय धरवाला की ओर से शुरू किया गया। दिसंबर 2011 में यह कार्य बीच में छोड़ दिया गया तथा भूमि को समतल करने के लिए पुराने डंगे पर अढ़ाई फीट दीवार लगाकर मलवा फेंक दिया गया। एक कोने पर मिट्टी का ढेर लगा है। इससे खेल मैदान की हालत बिगड़ गई है। उन्होंने बताया कि भवन के पीछे से दीवार भवन पर गिर गई है साथ ही मैदान का डंगा भी धंस गया है। इस बारे संबंधित अधिकारियों को भी अवगत करवाया गया है। स्कूल प्रबंधन समिति ने भी काम को जल्द पूरा करने का अनुरोध एनएचपीसी से किया था। खेल मैदान के हालत खराब होने से प्रात:कालीन की सभा, खेल गतिविधियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम और गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। कमराें की दीवार के गिरने का खतरा बना हुआ है। इसके अलावा विकास खंड मैहला ने भी निर्माणाधीन दो कमरों की सुध नहीं ली है। धर्म चंद ने कहा कि प्रशासन, सरकार और संबंधित अधिकारियों को इस बारे अवगत करवाया जा चुका है। अगर भविष्य में अनहोनी घटना होती है तो इसकी जिम्मेवार प्रशासन और सरकार होगी।