चंबा। निजी बस आपरेटर यूनियन की बैठक प्रधान रवि महाजन की अध्यक्षता में हुई। इस अवसर पर निजी बस आपरेटरों ने निजी व सरकारी बसों को एक ही रूट पर एक ही टाइम देने पर कड़ी आपत्ति जाहिर की। उन्होंने बताया कि अक्सर देखने को आया है कि जब आरटीओ कार्यालय से एचआरटीसी की बसों के लिए नया टाइम टेबल जारी किया जाता है तो इससे प्रभावित होने वाले निजी बस आपरेटर के अलावा यूनियन से कोई विचार-विमर्श नहीं किया जाता। इससे निजी बस आपरेटरों को भारी नुकसान हो रहा है।
उन्होंने कहा कि आरटीओ आफिस एचआरटीसी की एनओसी लेकर मर्जी से ही टाइम टेबल जारी कर देता है। जब भी नया टाइम टेबल जारी होता है तो निजी बस मालिकों के साथ बैठक की जाए।
जब भी निजी बस के चलने का समय होता है तो टैक्सियां सवारी उठाने के काम में लगी होती हैं। इससे बसों के मालिकों को काफी नुकसान हो रहा है। आरटीओ चंबा ऐसी टैक्सियों पर तुरंत लगाम लगाए। यूनियन ने यह भी निर्णय लिया है कि प्रत्येक निजी बस मालिक अपने-अपने कंडक्टर को आदेश जारी करें कि वह यूनियन का चंदा हर माह दें। यूनियन अध्यक्ष रवि महाजन ने कहा कि पत्रकारों को निजी बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा का निर्णय है। जिला की सड़कों की खस्ता हालत पर भी चिंता जताई गई। पीडब्ल्यूडी विभाग से सड़कों की हालत सुधारने की मांग की है।
इस अवसर पर बस आपरेटर सचिन, हेम सिंह राणा, यूनियन के उपप्रधान चंद्रकांत भारद्वाज, धनेश्वर, सुरजीत सिंह, शेरू, कर्मचंद, बबलू, दिलावर, संसारचंद, रफी अहमद व मनोज कुमार भी मौजूद थे।