अमर उजाला ब्यूरो
होली (चंबा)। होली उपमंडल के अधीन आने वाले आधा दर्जन लिंक मार्ग यातायात के लिए बंद पड़े हैं। लिंक मार्गों के बंद होने की सूरत में लोगों विशेषकर स्कूली बच्चों, और मेहनत-मजदूरी करने के लिए घरों से बाहर जाने वाले ग्रामीणों की दिक्कतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। ग्रामीणों की दिक्कतें तो उस समय और भी बढ़ जाती हैं, जब गांव में कोई बीमार पड़ जाता है। बीमार को पालकी या फिर पीठ पर उठाकर मीलों पैदल सफर तय करने के बाद ही स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचना पड़ रहा है। ऐसे में ग्रामीणों ने लोनिवि से प्राथमिकता के आधार पर होली उपमंडल के तहत आते लिंक मार्गों को भी यातायात के लिए सुचारु करवाने की मांग उठाई है।
गौरतलब है कि डेढ़ माह पहले होली उपमंडल में हुई भारी बर्फबारी और मूसलाधार बारिश के चलते चंबा-खडामुुख-होली मार्ग सहित आधा दर्जन लिंक मार्ग यातायात के लिए बंद हो गए थे। इसके बाद हालांकि, लोनिवि की ओर से क़डी मशक्कत करते हुए चंबा-खडामुख-होली मार्ग को यातायात के लिए सुचारु करवा दिया लेकिन, हैरानी की बात तो यह है कि अब तक मच्छेतर-चन्हौता, चौली-हिलंग, कीहनाला- कुठेड, डली-साह, होली-त्यारी, दियोल-गुवाड लिंक मार्ग यातायात के लिए सुचारु नहीं हो पाएं हैं।
ग्रामीणों राकेश कुमार, राजेंद्र कुमार, प्रवीण कुमार, महेश चंद, सन्नी कुमार, ओम प्रकाश, रवि कुमार, उत्तम चंद ने बताया कि होली में आधा दर्जन मार्ग अवरुद्ध हैं। जगह-जगह पर होने वाला भारी-भरकम भूस्खलन इसका मुख्य कारण है। आलम यह है कि मार्गों के बंद होने की सूरत में लोगों को पैदल आवाजाही करने में भी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।
लोनिवि के कनिष्ठ अभियंता राज कुमार का कहना है कि भारी बारिश के चलते खड़ामुख-न्याग्रा के बहाल हो जाने के बाद ही लिंक मार्गों को यातायात के लिए सुचारु करवा दिया जाएगा।