अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। शिक्षा विभाग के कार्यालय में बिजली की समस्या से कर्मचारी परेशान है। कार्यालय में स्थिति ऐसी है कि हीटर का स्विच ऑन करते ही कंप्यूटर बंद हो जाते हैं। बिजली का लोड कम होने के कारण एक ही विद्युत उपकरण एक समय में चलाया जा सकता है। इससे कार्यालय में कामकाज प्रभावित हो रहा है।
जानकारी के अनुसार कार्यालय में विद्युत वायरिंग काफी पुरानी हो चुकी है। ऐसे में यहां बिजली की समस्या पेश आ रही है। वहीं पिछले दो दिनों से कार्यालय में काम प्रभावित हो रहा है। दबी आवाज में कर्मचारी बतातें है कि कार्यालय के किसी कमरे में अगर हीटर ऑन हो जाए तो कंप्यूटर बंद हो जाते हैं। इस कारण काम करने में कर्मचारियों को दिक्कतें पेश आ रही है। खस्ताहाल वायरिंग विद्युत बोर्ड का लोड नहीं उठा पा रही है। ऐसे में किसी भी समय बिजली गुल हो जाती है।
ठंड में हीटर चलाना भी है जरूरी
जिला मुख्यालय में वर्तमान में काफी ठंड पड़ रही है। बारिश का दौर लगातार जारी है। ऐसे में हीटर चलाना भी जरूरी है। मगर जैसे ही हीटर किसी कमरें ऑन हो रहा है तो कंप्यूटर बंद हो जाते हैं। कुल मिलाकर कर्मचारियों की यह बात परेशानी का सबब बन गई है कि वह काम कैसे करें?
उच्च शिक्षा उपनिदेशक चंबा देवेंद्र पॉल ने बताया कि यह मामला ध्यान में है। उन्होंने कहा कि इस बारे में प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वायरिंग पुरानी हो गई है। इस कारण यह समस्या है। इसका जल्द समाधान कर दिया जाएगा।