अमर उजाला ब्यूरो
भरमौर/होली(चंबा)। जिले के भरमौर और होली क्षेत्रों में मंगलवार को भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। इससे पहले से ही भारी बर्फबारी की वजह से सहमे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई है। इसकी वजह यह है कि भरमौर होली में पहले ही चोटियां बर्फ से लकदक है। ऐसे में भूकंप के झटकों की वजह से हिमखंडों के गिरने का खतरा बढ़ गया है। परेशानी यह है कि बर्फबारी की वजह से लोग घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं तो वहीं भूकंप के झटकों की वजह से वह घरों में भी सुरक्षित नहीं है। रिएक्टर स्केल पर इन झटकों की तीव्रता 3.2 आंकी गई है। भूकंप के झटकों का केंद्र जमीन के पांच किलोमीटर नीचे रहा। बहरहाल, भूकंप के झटकों से जिले में किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान नहीं हुआ है। गौरतलब हो कि मंगलवार दोपहर बाद 3:53 पर भूकंप का एक झटका महसूस किया गया। जबकि भूकंप का दूसरा झटका 3:54 और तीसरा झटका 3:55 पर लगा। 3:55 पर लगने वाले जोरदार झटके को ग्रामीणों ने महसूस किया। इसके बाद ग्रामीण घरों से बाहर खुली जगह की तरफ दौड़े। वहीं, जिला में लगने वाले भूकंप के झटकों के बाद जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। उपायुक्त चंबा हरिकेश मीणा ने बताया कि भरमौर-होली में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। अभी तक किसी प्रकार के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।
तीन दिन तक बारिश और बर्फबारी की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन दिनों तक प्रदेश भर में बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं वहीं वीरवार को भारी हिमपात की चेतावनी भी दी गई है। ऐसे में पहले से ही मौसम की मार झेल रहे लोगों की मुश्किलें इससे और बढ़ने वाली हैं।