अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। चुराह उपमंडल के तहत आते भंगूड़ी धार में गुज्जर समुदाय के लोगों के बनाए गए नौ कोठे शरारती तत्वों ने जला दिया है। इस मामले को लेकर प्रभावित वीरवार को उपायुक्त सुदेश मोख्टा से मिले। इस दौरान प्रभावितों ने इस वारदात को अंजाम देने वाले शरारती तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। प्रभावितों में नूरदीन, मुस्फ, हनीफ, नूरमाही, यूसुफ, इब्राहिम, नूरबख्श, नेक मोहम्मद और अली सैन ने बताया कि वे हर साल धार में कुछ महीनों के लिए रहते है और यहां पशुओं का चरान भी है। मगर सात नवंबर को जब वे उक्त जगह पहुंचे तो वहां उनके कोठे जले हुए थे। प्रभावितों ने उपायुक्त से मांग की है कि इस मामले की पुलिस के माध्यम से जांच करवाई जाए और आरोपियों पर एफआईआर दर्ज की जाए। उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया है कि इस बारे में उचित कार्रवाई की जाएगी।