अमर उजाला ब्यूरो
भरमौर(चंबा)। कबायली क्षेत्र भरमौर में वीरवार दोपहर को मौसम के खराब होने से ऊंची पहाड़ियों पर हल्का हिमपात हुआ। उंची पहाड़ियों पर हिमपात होने से निचले क्षेत्रों मे ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। लोग ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े पहनने को मजबूर हैं। बाजार के दुकानदार ठंड से बचने के लिए हीटर का इस्तेमाल करते नजर आए। बीते कुछ महीने से इलाके में बारिश न होने से शुष्क ठंड काफी बढ़ गई है। वीरवार को भरमौर के मणिमहेश, कुगति, चौविया दरुण धार, कालीछोह जोतों पर दो से तीन इंच के करीब ताजा हिमपात हुआ। इससे निचले क्षेत्रो में ठंडी हवा चलने से शीत लहर में तेजी आ गई है। स्थानीय निवासी चैन सिंह, योगराज, चतर सिंह, मान सिंह, राकेश कुमार, नरेंद्र, कमल कुमार, सुरेंद्र और संजीव कुमार ने बताया कि भरमौर में ठंड काफी बढ़ गई है। जगह-जगह लोग अलवा जलाकर ठंड से बचने का प्रयास कर रहे हैं। वीरवार को उंची पहाड़ियों पर हल्का हिमपात होने से नीचे के क्षेत्रों में शीत लहर का प्रकोप बढ़ गया। इसके साथ ही बर्फबारी की दस्तक होने से लोगों ने सर्दियों के लिए लकड़ी और राशन एकत्रित करना शुरू कर दिया है।