चंबा। नगर परिषद चंबा के अधीन आने वाले कसाकड़ा वार्ड की सड़कों की दशा बेहद खराब है। ऐसे में इस मार्ग से होकर गुजरने वाले मोहल्ला वासियों और यात्रियों को परेशानियां का ही सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि वे कई बार नप के आलाधिकारियों से सड़क की दशा को सुधारे जाने की मांग करते आ रहे हैं। इसके बावजूद अभी तक समस्या जस की तस ही बनी है। ऐसे में अब लोगों ने नप अध्यक्ष से प्राथमिकता के आधार पर कसाकड़ा मोहल्ले की सुध लिए जाने की मांग उठाई है। गौरतलब हो कि कसाकड़ा मोहल्ले के अधीन आने वाली मुख्य सड़क और अन्य मोहल्ले की सड़कों की हालत काफी खराब है। मार्ग पर जगह-जगह गड्ढ़े पड़े हैं। इस कारण यहां से होकर गुजरने वाले दो पहिया वाहन चालकों और चौपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानियों का ही सामना करना पड़ता है। योगराज, प्रकाश चंद, राकेश कुमार, दलीप कुमार, संजीव कुमार, प्रताप चंद आदि ने नप अध्यक्ष से उक्त मोहल्ले की सड़कों की दशा को सुधारे जाने की मांग की है।