अमर उजाला ब्यूरो
चंबा।
प्रीणा पंचायत के अणनेरा गांव के हाई स्कूल का दर्जा बढ़ाए जाने की ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से मांग की है। ग्रामीणों के मुताबिक अणनेरा स्कूल में गांव सकरैणा, ढांगू, डगेड, रांव के दूरदराज के गांवों से स्कूली बच्चे शिक्षा हासिल करने के लिए आते हैं। लेकिन, क्षेत्र में वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के अभाव में बच्चों को 10 से 15 किलोमीटर का सफर तय कर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लिल्ह का ही रुख करना पड़ता है। ऐसे में उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए क्षेत्र के बच्चों को काफी भाग-दौड़ ही करनी पड़ रही है।
गौरतलब हो कि अणनेरा हाई स्कूल का दर्जा बढ़ाए जाने की मांग ग्रामीण कई मर्तबा शिक्षा विभाग और सरकार से भी करते आ रहे हैं। इसके बावजूद अभी तक ग्रामीणों की मांग को पूरा नहीं किया गया है। इस कारण ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों के मुताबिक यदि हाई स्कूल अणनेरा का दर्जा बढ़ा कर वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कर दिया जाता है तो इससे गांवों के बच्चों को काफी सहूलियत मिलेगी।
ग्रामीणों आत्मा राम, राजू, सुरेश कुमार, बर्फो राम, राकेश कुमार, पंकज कुमार, मनीष कुमार, सन्नी कुमार, संजीव कुमार, चमन कुमार, योगराज, प्रताप चंद, होशियारा राम का कहना है कि हाई स्कूल अणनेरा में वर्तमान समय में 100 छात्र-छात्राएं शिक्षा हासिल कर रहे हैं। ऐसे में बच्चों की दिक्कतों का देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर उक्त विद्यालय का दर्जा बढ़ाया जाना चाहिए।