चंबा। जिले में शुक्रवार देर रात को शुरू हुई बारिश का असर जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है। शुक्रवार देर रात हुई तेज बारिश के कारण जिले के नौ संपर्क मार्ग बंद हो गए जिससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हुई है।
बारिश के चलते करीब 13 विद्युत ट्रांसफार्मर ठप हो गए हैं। लगभग 70 गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। नालों का जलस्तर बढ़ने से जिले की 19 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं जिससे लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उधर, पिछले तीन दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी के बाद शुक्रवार शाम मौसम ने करवट ली और देर रात हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत तो मिली लेकिन इसके साथ ही कई क्षेत्रों में जनजीवन भी प्रभावित हो गया। बंद सड़कों को जल्द बहाल करने के लिए संबंधित विभागों की मशीनरी मौके पर जुटी हुई है। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बताया कि प्रशासन ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कर ली हैं। संवाद