चंबा। ऐतिहासिक चंबा चौगान की क्यारियों में फूल तोड़ने वाले लोगों पर प्रशासन अब कड़ी कार्रवाई करेगा। जिला प्रशासन की ओर से इस बारे में निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासनिक आदेशों में कहा गया है कि अगर कोई चौगान की क्यारियों से फूल तोड़ता पाया जाता है तो संबंधित व्यक्ति को एक हजार रुपये जुुर्माना वसूला किया जाएगा।
प्रशासन की तरफ से वर्तमान समय में चौगान की रखरखाव के लिए तैनात कर्मचारियों को ही इसका जिम्मा सौंपा गया है। लोस चुनावों के बाद फूलों की रखवाली करने का जिम्मा गृह रक्षकों को सौंपा जाएगा। प्रशासन की ओर से इस तरह के निर्देश जारी करने का मकसद चौगान की सुंदरता के लिए लगाए गए फूलों को संरक्षण प्रदान करना है। ताकि क्यारियों को नुकसान न हो सके।
जानकारी के अनुसार जिला प्रशासन की ओर से चौगान को सुंदर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। चौगान में एक तरफ जहां प्रशासन ने फूलों के गमले लगवाएं है तो वहीं दूसरी तरफ रंग बिरंगे फूलों की क्यारियां भी बनाई गई है। क्यारियों में रंग बिरंगे फूल भी खिल गए हैं। ऐसे में प्रशासन ने इन फूलों को बचाने के लिए जुर्माने का प्रावधान किया है।
वहीं दूसरी ओर प्रशासन की ओर से रेहड़ी फड़ी धारकों को भी यह आदेश दिए है कि वे चौगान में किसी प्रकार की खाद्य सामग्री लोगों को न दें। ताकि चौगान साफ सुथरा रह सके। गौरतलब है कि चौगान 15 अप्रैल को दोबारा से खुला है। पांच माह की अवधि तक बंद रहे चौगान में प्रशासन ने मरम्मत कार्य करवाया है।