चंबा। कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जिला मुख्यालय में बस किराये में हुई बढ़ोतरी के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। पार्टी के जिला सचिव नरेंद्र ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने किराये में वृद्धि कर आम लोगों को बस में सफर करने से दूर करने का प्रयास किया है।
सरकार ने यह निर्णय निजी बस ऑपरेटरों को लाभ पहुंचाने के लिए किया है। कहने को सरकार ने 24 प्रतिशत किराया बढ़ोतरी की है। जबकि असलियत में न्यूनतम किराये को 3 रुपये से बढ़ाकर 6 रुपये करना सौ प्रतिशत बढ़ोतरी है। सरकार का यह निर्णय आम जनता के विरोध में है। इस वृद्धि के बाद आज साधारण बस का किराया 1.75 रुपये प्रति किलोमीटर तय किया गया है। जो अन्य राज्यों की तुलना में काफी अधिक है।