सलूणी की चार पंचायतों में पानी के लिए मचा हाहाकार
ग्रामीणों को पांच किमी दूर जाकर ढोना पड़ रहा है पीने का पानी
पानी मुहैया करवाने वाली पेयजल योजनाएं हो चुकी हैं क्षतिग्रस्त
अमर उजाला ब्यूरो
सलूणी (चंबा)। विकास खंड सलूणी की चार पंचायतों में पानी के लिए हाहाकार मचा है। पंचायतों को पेयजल सप्लाई देने वाली पेयजल लाइनें भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। इस वजह से ग्रामीणों को पांच किमी दूर जाकर प्राकृतिक स्रोत से पीने के लिए पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। जबकि अन्य कार्यों के लिए पानी जुटाने में ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही है। हालत यह है कि चार पंचायतों में रहने वाली दस हजार से ज्यादा वाली आबादी तीन दिनों से पानी की बूंद-बूंद के लिए तरस रही है। इसके बाद भी आइपीएच विभाग भी ग्रामीणों की समस्या का समाधान नहीं कर पा रहा है।
ग्रामीण चैन लाल, सुरेंद्र, मान सिंह, टेक चंद, रवि कुमार, हंसराज, कमल, जितेंद्र, हरीश कुमार, राकेश और चंद राम ने बताया कि ग्राम पंचायत सलूणी, खरोटी, सिंगाधार और सूरी में तीन दिनों से पेयजल सप्लाई बंद पड़ी है। पंचायतों को पानी मुहैया करवाने वाली नाडूू-लुहानी, नाडू-सिंगाधार और मुंडराला-सलूणी पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। इनके दुरुस्त होने के बाद ही पानी की किल्लत दूर होगी। जब तक पानी की सप्लाई बहाल नहीं होती, तब तक ग्रामीणों को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने जिला प्रशासन और आईपीएच विभाग से समस्या का समाधान करने की मांग की है। आईपीएच विभाग के अधिशाषी अभियंता हेमंत पुरी ने बताया कि उपरोक्त पेयजल लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं। इन्हें दुरुस्त करने का कार्य प्रगति पर है। जल्द ही पेयजल सप्लाई बहाल कर दी जाएगी।