डलहौजी (चंबा)। नगर परिषद डलहौजी के दुकानदार डेढ़ करोड़ रुपये की राशि पर कुंडली मार कर बैठे हैं। नप इन दुकानदारों से पैसे वसूलने में नाकाम साबित हो रहा है। हालांकि नगर परिषद डलहौजी पैसा न होने की बात करके विकास कार्य प्रभावित होने का रोना रोती है। अगर नप दुकानों का किराया वसूल करती है तो नप की झोली पैसों से भर जाएगी। इसके साथ ही इस पैसे को नप डलहौजी के विकास में खर्च कर सकती है।
मगर नप किराया नहीं देने वाले दुकानदारों पर मेहरबानी दिखा रही है। इसके परिणाम स्वरूप नप के डेढ़ करोड़ रुपये की राशि दुकानदारों ने दबा रखी है। डेढ़ करोड़ की राशि में दुकानदारों के अलावा कई ऐसे परिवार भी हैं जोकि नियमित रूप से हाउस टैक्स की अदायगी नहीं कर रहे हैं।
डलहौजी में ऐसे मामले भी है जहां नगर परिषद् की सरकारी जमीन पर बने सार्वजनिक शौचालय को तोड़ प्रभावशाली लोगों ने निजी होटल तक बना लिए है। ऐसा करने वालों पर नप की ओर से अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे साफ जाहिर होता है कि नप की नीयत में खोट है।
जानकारी के नगर परिषद किराये के नाम पर डलहौजी में 86 लाख 12 हजार 884 रुपए बकाया है। वहीं हाउस टेक्स के नाम पर 72 लाख 18 हजार 317 रुपए की अदायगी होनी है। यह सरकारी पैसा कई वर्षों से लोगों ने जमा नहीं करवाया है। नगर परिषद ने कुछ मामले कोर्ट तक भी पहुंचाए हैं। हालत यह है कि पैसे की कमी झेल रही नगर परिषद् अपने कर्मचारियों को कई बार तीन-तीन महीने तक तनख्वाह नहीं दे पाती। ऐसे में उपरोक्त पैसे की रिकवरी होने से कर्मचारियों को नियमित रूप से तनख्वाह मिलेगी। वहीं विकास कार्यों में भी तेजी आएगी।
नप ने दुकानदारों को जारी किए हैं नोटिस : राखी कौशल
नगर परिषद् की कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल ने कहा कि नगर परिषद ने दुकानदारों और परिवारों से पैसा वसूल करने के लिए नोटिस जारी कर दिए हैं। नोटिस मिलने के 15 दिनों के भीतर दुकानदारों और हाउस टैक्स नहीं चुकाने वाले परिवारों को अपनी लंबित राशि चुकानी होगी। अन्यथा नप उनके खिलाफ कोर्ट में केस दर्ज करवाएगी।