चंबा।
स्थानीय अस्पताल के बाहर ट्रैफिक जाम से मरीजों और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल के बाहर मुख्य सड़क पर अकसर ट्रैफिक जाम हो जाता है। इस दौरान मरीज को टेस्ट करवाने के लिए लैब तक पहुंचाने में तीमारदार को काफी परेशानी होती है। सोमवार को दोपहर को करीब बीस मिनट तक अस्पताल के बाहर ट्रैफिक जाम हो गया। गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं।
इसकी सूचना लोगों ने पुलिस को दी। ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर पहुंची तब जाकर जाम खुलवाया गया। तीमारदार राजेश कुमार, चमन सिंह, योग राज, दिनेश कुमार, राजेंद्र, कमल, अमन सिंह, देसराज, जितेंद्र और हंसराज ने बताया कि अस्पताल के बाहर होने वाले ट्रैफिक जाम का स्थाई हल नहीं निकल रहा है। रोजाना दोपहर के समय ट्रैफिक जाम हो जाता है। अस्पताल के बाहर दर्जनों टैक्सियां खड़ी रहती हैं। इसकी वजह से वहां सड़क का दायरा कम हो रहा है। अगर वहां से टैक्सियां हटा दी जाएं तो जाम की समस्या से निजात मिल सकती है।
इस बारे में ट्रैफिक इंचार्ज राकेश कुमार ने बताया कि शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक समाप्त हो चुकी है। हर जगह ट्रैफिक कर्मी तैनात रहते हैं। अस्पताल के बाहर ट्रैफिक जाम की समस्या का जल्द ही स्थाई हल खोजा जाएगा।