अमर उजाला ब्यूूरो
पुखरी (चंबा)। ग्राम पंचायत कंदला में लगे तीन हैंडपंप लंबे समय से खराब पड़े हैं।
बावजूद इसके इन हैंडपंप की मरम्मत को लेकर कोई उचित कदम नहीं उठाए गए हैं।
इस कारण क्षेत्र के सैकड़ों लोगों को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। इस पंचायत के ढणोता गांव में लगे दोनों हैंडपंप करीब एक साल से खराब पड़े हुए हैं। इसके अलावा मउआ गांव में लगा हैंडपंप भी करीब आठ माह से खराब पड़ा है। इस कारण लगभग सात सौ आबादी को पानी की समस्या पेश आ रही है।
नरेंद्र कुमार, बृज मोहन, नवलकिशोर, तेज सिंह, पुन्नू राम, कमल किशोर, कैलाश चंद, काकू, सुरजीत, महिंद्र, यशपाल, विनोद कुमार और राहुल ने बताया कि इनके गांव में तीसरे दिन पानी की आपूर्ति होती है। इसके चलते ग्रामीण हैंडपंप पर निर्भर है, लेकिन हैंडपंप खराब होने के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि कंदला में खराब पड़े हैंडपंप को ठीक किया जाए। इससे ग्रामीणों को काफी सुविधा मिलेगी। आईपीएच विभाग के अधिशाषी अभियंता दिनेश कपूर ने बताया कि समस्या उनके ध्यान में लाई गई है। हैंडपंप लगाने वाली कंपनी से संपर्क किया गया है। जल्द ही खराब हैंडपंप ठीक कर दिए जाएंगे।