अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। पंचायत चौकीदार यूनियन जिला चंबा का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को उपायुक्त सुदेश मोख्टा से मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से उनके लंबित वेतन का भुगतान े जल्द करवाने का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई करते हुए यूनियन के प्रधान केहर सिंह ने बताया कि जुलाई 2017 से उन्हें पांच महीनों से वेतन की अदायगी नहीं हो पाई है। इसके चलते उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यूनियन का कहना है कि वे वेतन की अदायगी के बारे में कई बार संबंधित विभाग से मांग कर चुके है। मगर अभी तक वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। इस बात को लेकर पंचायत चौकीदारों में काफी रोष है।
प्रतिनिधिमंडल में केहर सिंह, रमेश कुमार, भगत राम और पूर्ण चंद ने बताया कि पांच महीने से उन्हें वेतन नहीं मिल रहा है। विभाग ने जुलाई माह में उनका वेतन खाते में डालने की बात कही थी। इसके लिए उनके बैंक अकाउंट भी ले लिए गए थे। सितंबर माह तक वेतन की अदायगी न होने के चलते विभाग से भी बात की गई। मगर आज तक कोई हल नहीं हो पाया। सरकार से ग्रांट छह महीने और साल भर की इकट्ठी भेजी जाती है। मगर चौकीदारों के वेतन भुगतान के लिए पंचायतें अपनी निधि से हर माह वेतन की अदायगी करती थी। उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया है कि उनके वेतन की अदायगी जल्द से जल्द करवाई जाए।