अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। स्वास्थ्य विभाग ने चुवाड़ी में नलबंदी ऑपरेशन शिविर के दौरान विभागीय प्रणाली पर महिलाओं ने सवालिया निशान लगा दिए हैं। महिलाओं ने बताया कि वे ऑपरेशन के लिए पहुंची थी। मगर उन्हें बिना ऑपरेशन किए ही वापिस लौटना पड़ा। शिविर में ऑपरेशन के लिए तीस महिलाएं पहुंची थी। इसमें महज 14 महिलाओं के ऑपरेशन विभागीय टीम ने किए। जबकि अन्य महिलाओं का ऑपरेशन के लिए फिट न होने की बात कहकर विभागीय टीम ने ऑपरेशन करने से मनाही कर दी। इस बात को लेकर महिलाओं में काफी रोष है। जानकारी के अनुसार जिन महिलाओं के ऑपरेशन विभागीय टीम ने नहीं किए है उन्हें खून की कमी और उनके बच्चे छोटे होने की बात का हवाला दिया गया है। ऊषा देवी, अंजना, माशला, रितु, सीमा, रेखा ने बताया कि अगर उन्हें इस बारे में जानकारी पहले दी होती तो वे अपना समय बर्बाद नहीं करते। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन के लिए वे दिन भर भूखे बैठे रहीं। खंड चिकित्सा अधिकारी संजय गुप्ता का कहना है कि विभाग ने विशेष चिकित्सा शिविर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिविर के दौरान ऑपरेशन करने में काफी ध्यान रखना पड़ता है। अगर बाद में दिक्कत पेश आती है तो लोग विभाग पर आरोप लगाते है।