लुडेरा के ग्रामीणों का पांच किलोमीटर पैदल चलकर मतदान करने से इंकार
मतदान केंद्र कलवारा स्थानांतरित होने पर ग्रामीणों में आक्रोश, बहिष्कार की दी चेतावनी
जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर लगाई केंद्र बदलने की गुहार
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। ग्राम पंचायत बकाण के तहत आते गांव लुडेरा वार्ड नंबर एक से मतदान केंद्र कलवारा स्थानांतरित होने के बाद लोगों में आक्रोश बढ़ गया है। लोगों ने दो टूक कहा है कि अगर मतदान केंद्र पुन: लुडेरा वार्ड नंबर एक में स्थापित नहीं किया गया तो ग्रामीण 9 नवंबर को होने वाले मतदान का बहिष्कार करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। हैरानी इस बात की है कि निर्वाचन आयोग की लापरवाही से क्षेत्र के लोगों को इस बार पांच किलोमीटर पैदल चलकर मतदान करने के लिए पहुंचना होगा। इसमें सबसे अधिक परेशानी बुजुर्ग लोगों को झेलनी पड़ती है और यही वजह है कि क्षेत्र में मतदान की प्रतिशतता भी काफी कम रहती है। बुधवार को ग्राम पंचायत बकाण के लुडेरा गांव में नया मतदान केंद्र स्थापित करने के संबंध में ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल कार्तिक स्वामी सुधार कमेटी लुडेरा के प्रधान कुलदीप कुमार की अगुवाई में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त चंबा सुदेश मोख्टा से मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन भी सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि ग्राम पंचायत बकाण के लुडेरा वार्ड नंबर एक में दो वर्ष पहले हुए पंचायत चुनावों में नया मतदान केंद्र स्थापित किया गया था। इससे यहां के लोगों को मतदान करने के लिए काफी सुविधा मिली थी। मगर आगामी विस चुनावों को लेकर नौ नवंबर को हो रहे मतदान के लिए मतदान केंद्र को स्थानांतरित कर दिया गया है। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि मतदान प्रतिशतता बढ़ाने के लिए इन दिनों लोगों को जागरूक किया जा रहा है। मगर मतदान केंद्र ही लोगों की पहुंच से दूर होंगे तो मतदान की प्रतिशतता बढ़ने के बजाय कम हो जाएगी। उन्होंने बताया कि लुडेरा गांव अभी भी सड़क सुविधा से नहीं जुड़ पाया है। ऐसे में उक्त गांव के मतदाताओं को वोटिंग करने के लिए करीब पांच किलोमीटर पैदल आवाजाही करनी पड़ती है। इसके बाद वे मतदान केंद्र कलवारा पहुंचते हैं। इसमें खासकर बुजुर्गों को मतदान करने में काफी दिक्कतें पेश आती है। उन्होंने बताया कि मतदान केंद्र कलवारा में गांव के करीब 20 से 25 मतदाता ही मतदान करने पहुंच पाते हैं। इस बार भी उक्त मतदान केंद्र ही होने से लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर लुडेरा में मतदान केंद्र स्थापित नहीं किया जाता है तो लोग मतदान ही नहीं करेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सुदेश मोख्टा ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने मतदान केंद्र एक साल पहले तय किए गए थे। अब मतदान केंद्र बदलना काफी मुश्किल है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं की समस्याओं को मद्देनजर रखते हुए मतदान केंद्र तक पहुंचने तक उचित प्रबंध मतदाताओं को केंद्र तक पहुंचाने के लिए किए जाएंगें।