पांगी की चोटियों में ताजा हिमपातके बाद का दृश्य। संवाद
चंबा। जिले में मौसम ने तेवर बदलने शुरू कर दिए हैं, जिससे लोगों की मुसीबतें बढ़ गई हैं। बुधवार दोपहर के बाद जोरदार बारिश हुई और भरमौर-पांगी के ऊपरी क्षेत्रों की चोटियों पर 7.62 सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई। बारिश और बर्फबारी के कारण शीतलहर बढ़ गई और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए हैं।
इस अचानक आई सर्दी और बारिश के कारण जिले के किसानों और बागवानों को खासा नुकसान हो रहा है। इससे धान की फसल की कटाई नहीं हो पा रही और पशुपालकों को घास की कटाई का समय नहीं मिल रहा। खासतौर पर चंबा-किलाड़ वाया सचे जोत मार्ग, भरमौर की कालीछौ, मणिमहेश और कुगति जोत में ताजा बर्फबारी के कारण पांगी और भरमौर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
स्थानीय निवासी राजीव कुमार, अमित कुमार, संजीव कुमार, वीरेंद्र कुमार, करतार सिंह, जगदेव, प्रमोद कुमार का कहना है कि इस बार बरसात और सर्दी दोनों समय से पहले आ गई हैं, जिससे उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। स्थानीय निवासियों ने बताया कि बारिश और बर्फबारी के कारण उनकी दैनिक दिनचर्या में काफी बदलाव आ गया है। अब ठंड के कारण सर्दी का सामना करना और भी कठिन हो गया है।
इस अप्रत्याशित मौसम के कारण प्रभावित क्षेत्रों में स्थानीय प्रशासन ने राहत कार्यों के बारे में चर्चा शुरू कर दी है, लेकिन इस समय के पहले आई सर्दी और बारिश ने लोगों की समस्याएं बढ़ा दी हैं।