चुराह में अब तक 7500 लोगों ने लगवाई वैक्सीन
18-44 वर्ष की आयु के लोगों ने दिखाया उत्साह
संवाद न्यूज एजेंसी
तीसा (चंबा)। चुराह विधानसभा क्षेत्र में युवा कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए बढ़चढ़ कर आगे आ रहे हैं। अब तक चुराह में 18 से 44 वर्ष तक की आयु वाले 7500 लोग कोरोना वैक्सीन लगवा चुके हैं। हालांकि, शुरुआती दौर में युवा वैक्सीन लगवाने के लिए आगे नहीं आ रहे थे लेकिन सरकार, प्रशासन और विभाग की ओर से चलाए जा रहे जागरूक कार्यक्रमों के बाद युवा अब वैक्सीनेशन में उत्साह दिखा रहे हैं। युवा भारी संख्या में वैक्सीन लगवाने के लिए वैक्सीनेशन केंद्रों में पहुंच रहे हैं। वैक्सीन लगवाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था की है, जहां वैक्सीन के लिए का पंजीकरण किया जा सकता है। चुराह के साथ जिला चंबा में वैक्सीनेशन की दर पहले की तुलना में बढ़ी है। आने वाले दिनों में वैक्सीन लगवाने वालों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर ऋषि पुरी ने बताया कि चुराह में 18 से 44 वर्ष की आयु वाले 7500 लोग वैक्सीन लगवा चुके हैं। एसडीएम तीसा मनीष चौधरी ने बताया कि कोरोना महामारी के बचाव के लिए वैक्सीन काफी लाभदायक है। सभी लोगों को अपनी बारी के अनुसार वैक्सीन लगवानी चाहिए। उन्होंने चुराह के युवाओं से भी अनुरोध किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में वैक्सीन लगवाएं।