सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को वर्दी के साथ जूते भी मिलेंगे
प्रदेश सरकार ने जारी की अधिसूचना, अटल स्कूल वर्दी योजना के तहत किया प्रावधान
छात्रवृत्ति और ऋण को सरल और सस्ता बनाने के लिए विद्यार्थी क्रेडिट कार्ड योजना होगी लागू
पंकज सलारिया
चंबा। सरकारी स्कूलों में शिक्षा हासिल करने वाले स्कूली छात्र-छात्राओं को अब जूते खरीद करने की भी आवश्यकता नहीं पड़ेगी। प्रदेश सरकार योजना के तहत विद्यार्थियों को जूते भी मुहैया करवाएगी। स्कूली बच्चों को यह सौगात भाजपा सरकार की अटल स्कूल वर्दी योजना के तहत मिलेगी। यहां स्कूली छात्र-छात्राओं को वर्दी सहित जूते मुहैया करवाने व्यवस्था भी होगी। इस संदर्भ में प्रदेश सरकार ने अधिसूचना जारी कर दी है। यह अधिसूचना सूबे के सभी प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालयों को भेजी गई है। अधिसूचना में स्कूली छात्र-छात्राओं को जूते का प्रावधान किया गया है। खबर की पुष्टि कार्यवाहक प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक संजीव पुरी ने की है।
गौरतलब है कि प्रदेश की भाजपा सरकार शिक्षा की गुणवत्ता में करेंगे सुधार विस चुनाव 2017 के दृष्टि पत्र में शामिल किया था। इसके तहत जूते स्कूली बच्चों को उपलब्ध करवाए जाएंगे। एक तरफ जहां सरकार बच्चों को जूते देगी तो वहीं दूसरी तरफ विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष छात्रवृत्ति योजनाओं के साथ-साथ ऋण को और अधिक सरल व सस्ता बनाने के लिए विद्यार्थी क्रेडिट कार्ड योजना लागू की जाएगी। इसके साथ ही सर्वोत्तम प्रदर्शन करने वाले स्कूलों को नीति आयोग के अटल इनोवेशन मिशन के तहत छात्रों को सीखने के अनुभव को समृद्ध करने के लिए शीर्ष उद्यमियों के साथ परामर्श सत्र आयोजित किए जाएंगे। यही नहीं, स्कूलों में अटल टिंकरिंग लैब भी स्थापित की जाएगी। सरकार ने अधिसूचना जारी कर प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक और सभी खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों को सूचित कर दिया है। कार्यवाहक प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक संजीव पुरी ने बताया कि इस बारे में अधिसूचना उनके कार्यालय पहुंच गई है। इसमें स्कूली विद्यार्थियों को जूते दिए जाने की बात सरकार ने कही है। इस बारे में समस्त खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों को सूचित कर दिया जाएगा।