चंबा। रावी नदी पर गिरे परेल पुल की जगह बनने वाले नए पुल का इस बार लोक निर्माण बेहतर डिजाइन तैयार कर रहा है। इसमें पुल का वजन कम भी होगा। इससे पुल को मजबूती मिलेगी और भविष्य में इसके गिरने की संभावना भी कम होगी। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग जोन कांगड़ा ने ठेकेदार को निर्देश जारी कर दिए हैं। पुल के निर्माण को लेकर तीन सप्ताह पहले ही लोक निर्माण विभाग जोन कांगड़ा ने स्थिति स्पष्ट कर दी थी। इतना ही नहीं, पुल निर्माण का सारा खर्च ठेकेदार ही उठाएगा। पुल अब विभाग नए तरीके से डिजाइन करेगा। इसमें पुल के वजन को भी ध्यान में रखा जा रहा है। इसमें पुल का वजन पहले की अपेक्षा कम रखने का फैसला लिया गया है।
साथ ही डिजाइन भी और बेहतर करने की कोशिश की गई। गौरतलब है कि दीवाली की सुबह रावी नदी पर बना परेल पुल अचानक गिर गया। जिस समय यह हादसा हुआ पुल से तीन वाहन और तीन लोग गुजर रहे थे। पुल गिरने से छह लोग घायल हुए थे। पुल गिरने की वजह प्रारंभिक दृष्टि में डिजाइनिंग में कमी सामने आया था। अब पुल के गिरने के मामले को लेकर छानबीन का जिम्मा एनआईटी हमीरपुर को सौंपा गया है।
ऐसे होगा पुल का वजन कम
जानकारी अनुसार पुल के वजन को कम करने के लिए कंकरीट बिछाने के बाद पुल का ऊपरी हिस्सा स्टील से बनाया जाएगा। इससे पुल की सुंदरता भी बढ़ेगी। साथ ही वजन भी कम हो जाएगा। इसके अलावा अलग डिजाइनिंग से पुल को मजबूत करने के प्रयास किए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग जोन कांगड़ा के मुख्य अभियंता एसके गंजू का कहना है कि पुल का वजन पहले की अपेेेक्षा कम रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बार पुल का बेहतर डिजाइन होगा। साथ ही ऊपरी हिस्सा स्टील से तैयार करवाया जाएगा। नए पुल से भी पहले की तरह सभी तरह के वाहन आवाजाही कर सकेंगे।