तीसा (चंबा)। चुराह क्षेत्र के भंजराड़ू में बस अड्डे का निर्माण चुनावी मुद्दा बनकर रह गया है। पिछले विस चुनावों के दौरान भी बस स्टैंड का मुद्दा काफी उछला था। जब सरकार बन गई और विधायक जीत गए तो शुरुआती दौर में भंजराड़ू में बस स्टैंड का निर्माण करवाने के लिए अवैध कब्जों और खोखों को हटा दिया गया। लेकिन, इसके बाद स्थिति जस की तस बनी हुई है। भंजराडू बस अड्डे से कई सरकारी और निजी बसों की जिला मुख्यालय तथा अन्य स्थानों के लिए आवाजाही रहती है। लेकिन, यात्रियों और बसों के रुकने के लिए उपयुक्त स्थान न होना एक समस्या है। यात्री बसों का इंतजार भी सड़क किनारे खड़े होकर करते हैं। वर्ष 2014 में परिवहन निगम की ओर से भंजराडू बस अड्डे पर अवैध खोखों को हटाया गया था। साथ ही आश्वासन दिया गया कि एक महीने में बस स्टैंड का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। खोखों को तो हटा दिया गया, लेकिन बस स्टैंड का निर्माण कार्य आज दिन तक शुरू नहीं हुआ।
स्थानीय निवासी चमन सिंह, सूरत राम, राम सिंह, जान मुहम्मद, अशोक कुमार, अजीत सिंह, सलीम खान, प्रेम सिंह, नरेन सिंह, प्रकाश शर्मा, कमलजीत आदि का कहना है कि बस अड्डे के निर्माण को लेकर परिवहन निगम ने बस अड्डे पर बनी दुकानों को उखाड़ा था लेकिन नए बस अड्डे का निर्माण करना निगम भूल गया है। आज बस अड्डे पर यात्रियों को कोई सुविधा नहीं मिल पा रही।
बस अड्डे के निर्माण को किए भरसक प्रयास : हंसराज
विधायक हंस राज का कहना है कि भंजराड़ू बस अड्डे के निर्माण को लेकर भरसक प्रयास किए गए।
निगम ने तैयार कीं समस्त फाइलें : भारद्वाज
पूर्व विधायक सुरेंद्र भारद्वाज का कहना है कि बस अड्डे को लेकर कुछ माह पहले निगम के उच्चाधिकारियों से बात की गई। निगम ने समस्त फाइलें भी तैयार कर ली हैं।