चंबा। दीपावली पर जिले में करीब 70 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है। दीपावली से पहले और बाद में शुक्रवार को भी मुख्यालय समेत जिले भर के विभिन्न क्षेत्रों के बाजारों में खूब रौनक रही।
ऑटो मोबाइल, सराफा, इलेक्ट्रॉनिक्स और बर्तन बाजार की चमक देखते ही बन रही थी। दीपावली के शुभ मुहूर्त में खरीदारी करने का निर्णय लेकर हजारों की संख्या में ग्राहकों की भीड़ बाजार में उमड़ी। लोगों ने मनपसंद बाईके, गाड़ियां और हल्के वजन के आभूषणों समेत अन्य सामान खरीदा।
धनतेरस समेत दीपावली के शुभ मुहूर्त पर सामान खरीदने के लिए लोगों ने लंबे समय से एडवांस बुकिंग करवा ली थी। दीपावली को लेकर जिले में 200 के करीब बाइकें, स्कूटी और करीब 50 गाड़ियों की एडवांस बुकिंग के तहत डिलीवरी दी गई। इस दौरान लोग अपने परिवार समेत बाइकों, स्कूटी और गाड़ियों की चाबियां लेने के लिए पहुंचे। कई शोरूम में तो लोग पंडित को लेकर पूजा-अर्चना के बाद ही अपने वाहनों को एजेंसी से बाहर निकलते नजर आए। एजेंसी में भी अपने ग्राहकों को लुभाने के लिए केक काटकर और उन्हें जूस पिलाकर गाड़ियों की चाबियां दी गईं।
हीरो होंडा ऑटो मोाबइल एजेंसी के दानिश अली शाह ने बताया कि 25 लोगों ने दीपावली पर बाइक और स्कूटी की चाबियां लेने के लिए एडवांस में बुकिंग की थी। इसकी डिलीवरी के लिए उन्होंने दीपावली का दिन तय किया था। मारुति सुजुकी के सेल मैनेजर संजय पठानिया ने कहा कि दीपावली पर उनके पास 150 गाड़ियों की एडवांस बुकिंग थी। ग्राहक परिवार के साथ पहुंचे तो कई ग्राहक पंडित को लेकर पूजा-अर्चना के बाद ही अपनी गाड़ियों को लेकर एजेंसी से रवाना हुए।
स्वर्णकार संघ जिला चंबा के अध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि दीपावली के शुभ मुहूर्त पर विशेषकर गृहिणियां सोने के आभूषण खरीदने के लिए परिवार के साथ पहुंचीं। दीपावली से पहले और बाद में भी महिलाएं सोने और चांदी के आभूषण खरीदने पहुंचीं। दीपावली पर सुबह से ही मारुति सुजुकी, हीरो होंडा, यामाहा, बजाज, सुजुकी की एजेंसियों में भी देर शाम तक वाहनों डिलवरी लेने वाले ग्राहकों की भीड़ रही।