चंबा। ग्राम पंचायत बैली के तहत वार्ड नंबर पांच के मतदाताओं ने आगामी लोस चुनावों का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। ग्रामीणों ने यह निर्णय वार्ड तक सड़क का निर्माण न होने के चलते लिया है। सोमवार को ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त चंबा हरिकेश मीणा से मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा और आगामी लोस चुनावों में मतदान न करने का एलान किया।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल महिला मंडल प्रधान नीलम देवी, कांता देवी, हसनो देवी, कृष्णा, पुष्पा देवी, सोनू कुमार, धारो राम, जर्म सिंह, अमन ठाकुर, शक्ति प्रसाद, रणजीत सिंह, ओम प्रकाश, किशन सिंह, रत्न चंद, चंपा देवी, पम्मी देवी, विनोद कुमार और राकेश कुमार का कहना है कि रजेरा से बैली तक सड़क निर्माण कार्य शुरू किया था। मगर यह कार्य अब बंद पड़ा है। इसके चलते ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क का निर्माण लटका होने के कारण उन्हें इसका फायदा नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण शुरू करवाने को लेकर कई बार प्रशासन से गुहार लगा चुके है।
मगर हर बार उन्हें झूठा आश्वासन दिया जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि चुनावों के दौरान नेता सड़क निर्माण कार्य पूरा करने के दावे करते है। लेकिन जब चुनाव जीत जाते है तो सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं करते है। इस कारण आज भी ग्रामीण सड़क सुविधा से वंचित है। ग्रामीणों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि अगर जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया जाता है तो वह आगामी लोस चुनावों में मतदान नहीं करेंगे।