चंबा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को मिंजर मेले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे। जिन्हें जांच के लिए विभाग की कंडाघाट स्थित लैब में भेजा जाएगा। जहां पर इन पदार्थों की गुणवत्ता की पूरी जांच की जाएगी। जांच में अगर सैंपल फेल होता है तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल मेें लाई जाएगी। स्वास्थ्य टीम में शामिल जिला खाद्य सुरक्षा नामित अधिकारी महेश कश्यप व जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक आनंद ने इस कार्रवाई के अंजाम दिया। टीम ने मिंजर मेले के दौरान लगे सभी खाने के स्टॉलों में अपनी दबिश दी। वहां पर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। दुकानदारों को सफाई रखने की विशेष हिदायत दी गई।
मिंजर मेले में हजारों की संख्या में लोग पहुंचते हैं। जो खाने के स्टॉलों में खाना व अन्य खाद्य पदार्थ खाते हैं। लोगों की सेहत पर खाने की वजह से बुरा असर न हो, इसके लिए स्वास्थ्य टीम ने विभिन्न स्टॉलों में जाकर खाद्य उत्पादों के सैंपल भरे। स्वास्थ्य टीम ने जलेबी, बर्गर व बर्फी के सैंपल भरे हैं। जिसे मेले के दौरान लोग सबसे ज्यादा खाते हैं। जिला प्रशासन ने भी मिंजर मेले से पहले स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए थे। कि मेले के दौरान खाद्य पदार्थों पर विशेष ध्यान रखें। ताकि लोगों की सेहत पर कोई असर न पड़े। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेले में आए व्यापारियों को अपनी ओर से फूड लाइसेंस जारी किए गए हैं।
जिला खाद्य सुरक्षा नामित अधिकारी महेश कश्यप ने बताया कि मिंजर मेले के खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे गए हैं। जिन्हें जांच के लिए विभाग की कंडाघाट स्थित लैब में भेजा जाएगा। जहां पर इन पदार्थों की गुणवत्ता की जांच होगी। लैब की रिपोर्ट आने पर ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।