सनवाल के तीन गांव में दो महीनों से पेयजल किल्लत
110 परिवार झेल रहे दिक्कतें, नाले से पानी ढोने को मजबूर लोग
पानी ढोने में ही बर्बाद हो जाता है पूरा दिन
अमर उजाला ब्यूरो
तीसा (चंबा)। चुराह उपमंडल की पंचायत सनवाल के तीन गांवों के लोगों को दो महीने से पेयजल किल्लत झेलनी पड़ रही है। इसके चलते लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दो माह से तीन गांवों में पानी की आपूर्ति ठप पड़ी है। लोगों ने बताया कि इस बारे में वह कई बार आईपीएच विभाग को अवगत करवा चुके हैं। मगर अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। इससे ग्रामीणों में काफी रोष है।
जानकारी के अनुसार पंचायत के गांव कंडोलू, मलूंड और सनवाल में करीब 110 परिवार रहते हैं। मगर ग्रामीणों को लंबे समय से पानी की समस्या से जूझना पड़ता है।
ग्रामीण देवेंद्र सिंह, राजकुमार, उत्तम दास, रवि कुमार, परमेश कुमार, दुनी चंद, चैन लाल, बलदेव सिंह, रोशन लाल, गजिंद्र सिंह, व्यास देव, राजकुमार, कल्याण सिंह और दीवान चंद ने बताया कि वह पेयजल किल्लत से जूझ रहे हैं। इस वजह से उन्हें
मलूंड नाले से पानी ढोकर लाना पड़ता है। इसमें लोगों का आधा दिन निकल जाता है। इसके साथ ही उन्हें पशुओं के लिए पानी भी ढोकर लाना पड़ता है। ग्रामीणों ने आईपीएच विभाग से मांग की है कि जल्द पानी की आपूर्ति बहाल की जाए। ताकि उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत न पेश आए। आईपीएच विभाग के सहायक अभियंता भानू प्रताप का कहना है कि स्रोत में पानी की कमी होने के चलते ऐसी समस्या पेश आ रही है। उन्होंने कहा कि विभाग समस्या का समाधान करने का प्रयास कर रहा है।