अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। पीओ सैल चंबा ने चेक बाउंस मामले के उद्घोषित अपराधी को जिला कांगड़ा के गांव बुहाना से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। उद्घोषित अपराधी को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया। यहां अदालत ने आरोपी को दो दिन का पुलिस रिमांड पर भेजा। साथ की अदालत की अवमानना को लेकर भी आरोपी के खिलाफ एक अन्य मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार ऋषि राणा पुत्र जय सिंह निवासी गांव बुहाना तहसील बैजनाथ जिला कांगड़ा के खिलाफ चंबा की अदालत में 5 लाख के चेक बाउंस का मामला चल रहा था। मगर वह लंबे अरसे से अदालत में हाजिर नहीं हो रहा था। इस कारण अदालत ने ऋषि को उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था। उद्घोषित अपराधी को पकड़ने की जिम्मेवारी पीओ सैल चंबा को दी गई। अपराधी अपने गांव से भागकर पंजाब चला गया। वह यहां पर लगातार ठिकाना बदल-बदल कर रह रहा था। ऐसे में पीओ सैल की टीम को इसके पंजाब के पटियाला में होने की गुप्त सूचना प्राप्त हुई। पीओ सैल की टीम ने बिना समय गंवाएं पटियाला की और रुख किया और इसे प्रोफेसर कालोनी से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली। पीओ सैल की टीम में प्रभारी मुख्य आरक्षी हामिद मोहम्मद, आरक्षी रविंद्र, आरक्षी नितेंद्र और महिला आरक्षी रीना राय शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक चंबा डॉ. वीरेंद्र तोमर ने बताया कि पीओ सैल की टीम ने पंजाब के पटियाला से उद्घोषित अपराधी धर दबोचा है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया। यहां पर अपराधी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।