मुख्यमंत्री ने चंबा में सड़क और स्वास्थ्य ढांचे को सरकार की प्राथमिकता बताया
मिंजर मेले में आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागी भी किए सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। मिंजर मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या सिर्फ रंगारंग प्रस्तुतियों तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह चंबा के विकास का मंच भी बन गई।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जिले में सड़क और स्वास्थ्य ढांचे को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में बताते हुए विकास योजनाओं का ब्योरा रखा। उन्होंने कहा कि चंबा में सड़कों के निर्माण व उन्नयन पर 591 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं जबकि आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से लोगों को इलाज के लिए बाहर जाने की जरूरत कम होगी।
उन्होंने कहा कि लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जिले से बाहर जाने की जरूरत न हो, इसके लिए सरकार ने मेडिकल कॉलेज की स्थापना की है। आधुनिक चिकित्सा अवसंरचना और नवीनतम स्वास्थ्य तकनीक उपलब्ध करवाने पर विशेष बल दिया है। 158 करोड़ से 200 बिस्तरों वाले अस्पताल भवन का निर्माण किया है। चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, मेडिकल विद्यार्थियों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को बेहतर कार्य एवं अध्ययन सुविधाएं मिलेंगी। सरकार आधुनिक स्वास्थ्य अवसंरचना को सुदृढ़ करने और प्रदेशवासियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए। जिला प्रशासन की ओर से प्रकाशित स्मारिका का विमोचन भी किया। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया, विधायक नीरज नैय्यर और हरदीप सिंह बावा, पूर्व मंत्री आशा कुमारी एवं ठाकुर सिंह भरमौरी, एपीएमसी के अध्यक्ष ललित ठाकुर, जिला कांग्रेस समिति के अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी, कांग्रेस नेता यशवंत खन्ना एवं अमित भरमौरी, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी उपस्थित थे।