जलवायु सुरक्षा, सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास और सतत पर्वतीय विकास पर दी प्रस्तुतियां
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। माॅय भारत चंबा की ओर से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के चैलेंज ट्रैक के तहत बचत भवन में जिला स्तरीय पावर पॉइंट प्रस्तुति प्रतियोगिता करवाई गई। इसमें 54 युवाओं ने जलवायु सुरक्षा, सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास और सतत पर्वतीय विकास पर विचार रखे। मूल्यांकन के बाद छह प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।
अतिरिक्त उपायुक्त अमित मेहरा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने मूल्यांकन समिति के अध्यक्ष की भूमिका निभाई, जबकि एसडीएम चंबा चिराग शर्मा उनकी उपस्थिति में समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष रहे। समिति में जिला पर्यटन अधिकारी राजीव मिश्रा, पर्वतारोहण प्रशिक्षक एवं विषय विशेषज्ञ पंकज महंत, राजकीय महाविद्यालय चंबा के सहायक प्राध्यापक अविनाश और राजकीय मिलेनियम पॉलीटेक्निक कॉलेज के प्रवक्ता अरुण सेठ शामिल रहे।
प्रतियोगिता की चयन प्रक्रिया ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी से शुरू हुई। इसके बाद निबंध लेखन प्रतियोगिता करवाई गई। दोनों चरणों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 54 युवाओं को जिला स्तरीय प्रस्तुति के लिए चुना गया। प्रतिभागियों ने जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों, पर्यावरण संरक्षण, सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास और पर्वतीय क्षेत्रों को टिकाऊ बनाने के उपायों पर सुझाव दिए।
मूल्यांकन समिति ने प्रस्तुतियों के आधार पर छह युवाओं को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुना। राज्य स्तर पर सफल प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।