कृषि विभाग की टीम ने शनिवार को भंजराडू बाजार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान भंजराडू में एक दुकानदार से अवैध रूप से रखा 14 किलो मटर का बीज पकड़ा गया। दुकान में रखे मटर के बीजों के पैकेट को जब्त कर लिया गया। इसके अलावा एक अन्य दुकान के बाहर 40 किलो मटर के बीच की खेप बरामद हुई, लेकिन जब्त बीजों का कोई मालिक सामने नहीं आया।
कार्रवाई के दौरान सभी दुकानदारों को हिदायत दी गई कि वे बिना परमिट के किसी भी फसल का बीज न बेचें। तीसा में काफी समय से घटिया किस्म के बीज बेचे जाने की शिकायत मिल रही थी। इसी आधार पर विभागीय कार्रवाई की गई। तीसा में ज्यादातर लोग सेब व मटर की फसल पर निर्भर हैं। ऐसे में मटर के घटिया बीजों की बिक्री होने पर किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
किसानों की शिकायत पर कृषि विभाग ने बिना परमिट के बीज बेच रहे दुकानदारों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इससे किसानों को काफी राहत मिलेगी। उधर, कृषि विभाग के उपनिदेशक अनिल कुमार सकलानी ने बताया कि तीसा में बिना परमिट बेचा जा रहा करीब 54 किलो मटर का बीज जब्त कर लिया गया। उन्होंने किसानों से अनुरोध किया कि वे कृषि विभाग के कार्यालय से ही मटर का बीज लें या परमिट धारक विक्रेताओं से ही मटर के बीज खरीदें।