अमर उजाला ब्यूरो
साहो(चंबा)। साहो क्षेत्र के तहत ग्राम पंचायत गुवाड़ में बिजली आपूर्ति गुल है। इसके चलते स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दो दिनों से यहां अंधेरा पसरा है। ऐसे में बच्चों को काफी दिक्कतें पेश आ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि छह मार्च से बच्चों की बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हो रही है। ऐसे में इसका असर बच्चों के परीक्षा परिणाम पर पड़ सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि इस बारे वह विद्युत बोर्ड को भी सूचित कर चुके है। मगर अभी तक बोर्ड की ओर से व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई है।
इस बात को लेकर ग्रामीणों में काफी रोष है। जानकारी के अनुसार उक्त पंचायत में पहले जहां बिजली की आंखमिचौनी रही तो वहीं पिछले दो दिनों से बिजली आपूर्ति ठप पड़ी है। ग्रामीण रमेश कुमार, सूरज सिंह, राजबली, देवी चंद, प्रकाश चंद, उत्तम दास, राकेश कुमार, सुनील कुमार, देवराज, देसराज, रिंकू राम और योगीराज का कहना है कि विद्युत बोर्ड बिजली का बिल तो समय पर दे देता है। मगर जब बिजली संबंधित समस्या पेश आती है तो इसे दुरुस्त करने में बोर्ड काफी समय लगाता है। उन्होंने बताया कि बिजली गुल होने के कारण स्कूली विद्यार्थी पढ़ाई नहीं कर पा रहे है। इससे उनके वार्षिक परीक्षाओं में विपरीत असर पड़ सकता है।
उन्होंने बोर्ड से मांग की कि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल की जाए। ताकि उन्हें राहत मिल सके। स्थानीय पंचायत के उपप्रधान योगराज शर्मा ने बताया कि पंचायत में दो दिनों से बिजली गुल है। कहा कि बोर्ड को इस बारे में सूचित किया गया है। उन्होंने कहा कि अभी तक बिजली बहाल नहीं हो पाई है।