रौ गार्डन की तर्ज पर विकसित होगा खज्जियार का कणजेडी नाला
ईको टूरिज्म सोसायटी ने बनाई योजना, पर्यटकों के मनोरंजन की रहेगी सुविधा
खज्जियार में सोसायटी तलाश रही टूरिस्ट साइटें, दो साइटें हो चुकी हैं चयनित
अमर उजाला ब्यूरो
खज्जियार (चंबा)। बाथरी रौ गार्डन की तर्ज पर खज्जियार के कणजेडी नाला को विकसित किया जा रहा है। इसके लिए ईको टूरिज्म सोसायटी की ओर से विशेष योजना बनाई जा रही है। कणजेडी नाला को सोसायटी सेल्फी प्वाइंट बनाने पर काम कर रही है, ताकि खज्जियार आने वाले पर्यटक सेल्फी लेने के इस प्वाइंट पर अवश्य जाएं। इससे खज्जियार में पर्यटन तो बढ़ेगा। साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्रदान होंगे।
कणजेडी नाले में पर्यटकों के मनोरंजन के लिए झूले, बैठने के लिए रेेन शेड सहित अन्य आकर्षक सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। इतना ही नहीं ईको टूरिज्म सोसायटी खज्जियार के विभिन्न क्षेत्रों में टूरिस्ट साइट बढ़ाने जा रही है। दो स्थान चयनित हो चुके हैं। इनमें बंगबेई और पुखरी गांव शामिल हैं। अन्य साइटों को भी तलाशा जा रहा है। जहां पर पर्यटन को बढ़ावा दिया जा सकता है। डीएफओ निशांत मंढोत्रा ने बताया कि कणजेडी नाला को रौ गार्डन बनाने को लेकर निर्णय लिया गया है। इसको लेकर बजट मुहैया करवाया जा रहा है। बजट स्वीकृत होते ही रौ गार्डन बनाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।