अमर उजाला ब्यूरो
सिहुंता (चंबा)। सिहुंता क्षेत्र में कुछेक वाहन चालक निजी वाहनों में सवारियां ढो रहे हैं। इसके चलते टैक्सी चालकों को चूना लग रहा है। निजी वाहनों के इस कारनामे के कारण बस मालिकों को भी घाटा उठाना पड़ रहा है। टैक्सी चालकों ने बताया कि क्षेत्र के सिहुंता, समोट और टुंडी में ऐसा गोरखधंधा चल रहा है लेकिन प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे टैक्सी चालकों और बस मालिकों में रोष है।
टैक्सी चालकों ने बताया कि क्षेत्र में निजी वाहन मालिक अपनी सवारियों को गैरकानूनी तरीके से टैक्सी के रूप में प्रयोग कर लोगों की जान को जोखिम में डाल रहे हैं। नियमों की अवहेलना कर ऐेसे वाहन मालिक नियमों को ठेंगा दिखा रहे हैं। बस मालिक सूरज जरियाल और टैक्सी परमिट होल्डरों में राकेश कुुमार, सोनू कुमार, प्रवीण कुमार ने बताया कि ऐसा काफी दिनों से क्षेत्र में चल रहा है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसा करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।