सरोल (चंबा)। सरोल पंचायत में लोगों ने शाम के समय तेंदुए के बच्चे के दिखने से लोगों में खौफ पैदा हो गया है। इस वजह से अब लोग अकेले घर से बाहर जाने से भी कतरा रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक तेंदुए के बच्चे के साथ मादा तेंदुआ भी होगी और ऐसे में यह लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता का विषय है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से इस समस्या का समाधान करने की मांग की है। भुवनेश कुमार, सुरेंद्र, टेक चंद, मनीष कुमार, हंसराज, रवि कुमार, चैन सिंह, रवि, दौलत राम, सुनील कुमार और नरैण सिंह ने बताया कि गांव में रात के समय लोगों को दो बार तेंदुए का बच्चा नजर आ चुका है। इसको लेकर लोगों ने वन विभाग के डीएफओ को भी अवगत करवा दिया गया है।
डीएफओ की ओर से विभागीय कर्मचारियों को पंचायत में जांच के लिए भेजा गया है। विभागीय कर्मचारी जांचेंगे कि लोगों को दिखाई देने वाला सच में तेंदुए का बच्चा है या जंगली बिल्ली है। वहीं लोग तेंदुए के डर से अकेले शाम को घर से नहीं निकल रहे हैं। वहीं बच्चों को भी अकेले बाहर भेजने से कतरा रहे हैं। डीएफओ संजीव शर्मा ने बताया कि लोगों ने उन्हें तेंदुए के बच्चे के बारे में सूचना दी गई है। इसको लेकर विभागीय कर्मचारी जांच कर रहे हैं। अगर सच में वहां तेंदुए का बच्चा है, तो उसे पकड़कर जंगला में छोड़ा जाएगा। ताकि लोगों को किसी प्रकार का डर महसूस न हो।