भरमौर (चंबा)।
जनजातीय क्षेत्र भरमौर उपमंडल में जिला बाल संरक्षण इकाई चंबा ने एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया। महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में आयोजित शिविर में भरमौर विस क्षेत्र के विधायक जिया लाल कपूर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। विधायक जिया लाल ने लोगों का आह्वान किया कि समाज में बेसहारा और लाचार बच्चों के संरक्षण में आगे आएं। शिविर में मौजूद पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि जनता की सेवा करने के लिए सभी प्रतिनिधि तन मन धन से कार्य करें। इस दौरान विधायक ने अपनी ऐच्छिक निधि से जिला बाल संरक्षण इकाई को दस हजार रुपये देने की घोषणा की। इससे पहले जिला बाल संरक्षण अधिकारी डॉ. पीके गुप्ता ने विधायक जिया लाल कपूर को शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया। बाल संरक्षण अधिकारी अजय भारद्वाज ने भी उपस्थित लोगों को संबोधित किया। कार्यक्रम में मंडलाध्यक्ष सत्य प्रकाश शर्मा, शिवदास ठाकुर, मीडिया प्रभारी अनिल शर्मा सहित अन्य गण्यमान्य लोग मौजूद रहे।
000