अप्रैल के पहले सप्ताह में मौसम बदलने से बढ़ी ठंड, ऊंची चोटियों पर हिमपात
लोगों ने निकाले गर्म वस्त्र, जिले के दो दिन से जारी है बारिश-बर्फबारी का दौर
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिले में अप्रैल के पहले सप्ताह में बदले मौसम के मिजाज से शीतलहर बढ़ गई है। शुक्रवार देर रात को शुरू हुई बारिश शनिवार को पूरा दिन जारी रही।
बर्फआरी और बारिश के चलते जिले के 235 गांवों में अंधेरा पसर गया था। राहत की बात है कि 39 ट्रांसफार्मरों को बोर्ड के कर्मचारियों ने दुरुस्त कर दिया है। अभी भी 50 गांवों में अंधेरा पसरा हुआ है। चंबा-पांगी वाया सचे जोत मार्ग पहले से ही बंद है। वहीं, सलूणी क्षेत्र का संपर्क भी बाधित हुआ है।
भरमौर-पांगी की ऊपरी चोटियों में 10.16 सेंटीमीटर से लेकर डेढ़ फीट तक बर्फबारी हुई है। वहीं, जिले के निचले क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। पांगी की ऊपरी चोटियों में चस्क भुटोरी और परमार भुटोरी, सुसार हिल्स, सुराल, भुटोरी में 10.16 सेंटीमीटर से लेकर डेढ़ फीट बर्फबारी हुई है। किलाड़ मुख्यालय में 2.54 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। गौरतलब है कि जिले में पिछले दो दिनों से बारिश और बर्फबारी का क्रम जारी है। इसके चलते लोग फिर गर्म कपड़े पहनने लगे हैं। मौसम के बदले मिजाज के चलते लोगों की दिक्कतें बढ़ती जा रही हैं। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल का कहना है कि मौसम को लेकर पूर्वानुमान जारी हुआ था। सभी उपमंडल अधिकारियों को सचेत रहने के निर्देश दिए हैं। जिले में बारिश और बर्फबारी से स्थिति बेहतर है।