भरमौर (चंबा)। पांच दिवसीय मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण कार्यक्रम मंगलवार को संपन्न हो गया। उद्यान विभाग के उपनिदेशक डॉ. प्रमोद शाह ने इसकी अध्यक्षता की। इसमें 50 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों और विभिन्न बैंकों से आए विशेषज्ञ वक्ताओं ने प्रतिभागियों को महत्वपूर्ण जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। उपनिदेशक ने शहद की गुणवत्ता नियंत्रण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि उत्पादन, प्रसंस्करण एवं विपणन के दौरान एफएसएसएआई मानकों का पालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्थानीय शहद को बढ़ावा देने के लिए उन्नत गुणवत्ता एवं आधुनिक पैकेजिंग तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया। विभाग की एसएमएस डॉ. निधि रावत ने महिलाओं की स्वरोजगार एवं बागवानी गतिविधियों में भागीदारी को बढ़ावा देने पर बल दिया।