एसओएस का आठवीं कक्षा का एक भी विद्यार्थी नए केंद्र में परीक्षा देने नहीं पहुंचा
डीसी की अनुशंसा पर स्कूल शिक्षा बोर्ड ने रद्द कर दिया है एसओएस का परीक्षा केंद्र
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिले में स्टेट ओपन स्कूल (एसओएस) का एक परीक्षा केंद्र रद्द होने के बाद अब दसवीं और जमा दो कक्षा के 50 प्रतिशत ही परीक्षार्थी नए परीक्षा केंद्र में परीक्षा देने पहुंच रहे हैं।
वहीं, 8वीं कक्षा का कोई भी विद्यार्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचा। हिमाचल शिक्षा बोर्ड ने निजी परीक्षा केंद्र को रद्द करने के बाद पीएम श्री राजकीय बाल विद्यालय चंबा में परीक्षा केंद्र बनाया है। यहां तमाम सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
बता दें कि 5 मार्च को जमा-2 के अंग्रेजी विषय की परीक्षा के दौरान एसडीएम चंबा प्रियांशु खाती की अगुवाई में फ्लाइंग स्क्वायड की टीम ने शहर में स्थित निजी स्कूल का निरीक्षण किया था। एसओएस की परीक्षा अतिरिक्त लोगों की उपस्थिति के दौरान पाई गई। वहीं, सीसीटीवी कैमरे भी बंद थे। इसके अलावा अन्य कई अनियमितताएं पाई गई थीं। इसे देखते हुए डीसी मुकेश रेपसवाल की अनुशंसा पर स्कूल शिक्षा बोर्ड ने परीक्षा केंद्र को रद्द कर दिया था। इसके बाद संबंधित केंद्र के परीक्षार्थियों की परीक्षाएं राजकीय बाल विद्यालय चंबा में करने का निर्णय लिया था। उच्च शिक्षा उपनिदेशक विकास महाजन ने संबंधित परीक्षा केंद्र के परीक्षार्थियों के लिए बाल विद्यालय चंबा में परीक्षा केंद्र बनाया गया है। यहां अन्य स्कूलों के बच्चे भी परीक्षा दे रहे हैं लेकिन एसओएस के तहत आठवीं की परीक्षा देने के लिए कोई विद्यार्थी नहीं पहुंच रहा है जबकि दसवीं और जमा दो के तहत 50 फीसदी विद्यार्थी ही परीक्षा देने के लिए पहुंच रहे हैं।