चंबा। शहर में सब्जी मंडी स्थित एक दुकान से प्रतिबंधित प्लास्टिक बरामद किया गया है। मामले में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने दुकानदार को 25,000 रुपये का जुर्माना किया है।
साथ ही दोबारा इसका प्रयोग न करने पर आदेश दिए हैं। यह कार्रवाई प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता राहुल शर्मा और अखिल ने की। प्रदूषण बोर्ड की इस कार्रवाई से शहर में हड़कंप मच गया है। दरअसल, शहर में कुछ दुकानदार प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस मामले की सूचना जैसे ही प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को लगी तो टीम ने शहर में औचक निरीक्षण किया और एक दुकान से पचास किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक बरामद करने में सफलता हासिल की। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहायक अभियंता राहुल शर्मा ने कहा कि प्रतिबंधित प्लास्टिक एक दुकान से बरामद किया गया है। कहा कि उन्होंने भविष्य में भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।