पैरागलाइडिंग के दौरान अक्षय कुमार।संवाद
खज्जियार (चंबा)। धर्मशाला के नरवाणा में आयोजित एक्यूरेसी पैराग्लाइडिंग प्री वर्ल्ड कप में बढ़ई के बेटे ने कमाल कर दिखाया है।
खज्जियार के पंजियारा गांव निवासी अक्षय कुमार ने भारतीय स्तर पर पहला रैंक हासिल किया है, जबकि ओवरआल रैकिंग में वह दूसरे स्थान पर रहे हैं। इससे पहले दो बार प्रतियोगिता में भाग ले चुके हैं। अक्षय के पिता बढ़ई हैं, जबकि माता गृहिणी हैं।
अक्षय की इस कामयाबी से जिले में खुशी की लहर है। यह उपलब्धि हासिल करने के बाद घर पहुंचे अक्षय का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। अक्षय ने बताया कि पिछले सात साल से वे पैराग्लाइडिंग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में काफी कुछ सीखने को मिला। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय माता-पिता को दिया है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी वे आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। इस प्रतियोगिता के लिए वे पहले से ही अभ्यास कर रहे थे। ऐसे में पहले की गई मेहनत के बूते उन्हें यह सफलता हासिल हुई है। वहीं, दूसरी तरफ अक्षय को बधाई देने के लिए रिश्तेदार घर पहुंच रहे हैं। पिता तेज सिंह का कहना है कि अक्षय को काफी पहले से ही पैराग्लाइडिंग का शौक रहा है। बताया कि खज्जियार में ही पैराग्लाइडिंग सीखी। उन्हें अपने बेटे पर गर्व है।