चुराह (चंबा)। विकास खंड तीसा के तहत आती करीब 52 पंचायतों में 48 मकानों को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा गोशालाओं सहित पंचायत के रास्ते भी इसमें शामिल हैं। पंचायतों के आपस में जोड़ने वाले पैदल पुलों को भी खासा नुकसान पहुंचा है। खंड विकास अधिकारी तीसा अरविंद कुमार ने बताया कि बरसात के मौसम में हुए नुकसान की रिपोर्ट सरकार को भेज दी है। जनजीवन को पटरी पर लाने के लिए प्रयास जारी है। औपचारिकताएं पूरी कर पंचायतों को जोड़ने वाले रास्तों की मरम्मत करवाई जाएगी। साथ ही जिन लोगों के मकानों को नुकसान पहुंचा है, उन लोगों को भी सरकार और प्रशासन की सहायता से उचित मुआवजा राशि प्रदान की जाएगी, ताकि उनका जीवनयापन पहले की तरह शुरू हो सके।